कांग्रेस ने एसआईआर में फार्म-7 के स्वतः जनरेशन पर उठाए सवाल

अंतिम प्रकाशन से पहले आपत्तियों के निस्तारण की मांग

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने एसआईआर प्रक्रिया के तहत फार्म-7 और फार्म-10 के माध्यम से मतदाता नामों के विलोपन को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड को पत्र भेजकर आपत्ति दर्ज की है। उन्होंने 3 अक्टूबर को अंतिम निर्वाचक नामावली के प्रकाशन से पहले सभी आपत्तियों का निस्तारण करने की मांग की है।
गोदियाल ने पत्र में आरोप लगाया कि कुछ मामलों में फार्म-7 स्वतः जनरेट हुए हैं और संबंधित मतदाताओं को प्रभावी सुनवाई का अवसर नहीं मिला। कांग्रेस ने विशेष रूप से हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 65 का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां 123 मतदाताओं के नाम विलोपन के लिए दर्शाए गए, जबकि पार्टी के अनुसार सत्यापन में ये मतदाता संबंधित क्षेत्र में निवासरत और पात्र पाए गए हैं। पत्र में 28 सितंबर की फार्म-10 सूची में हरिद्वार ग्रामीण में 3,503, विकासनगर में 2,444 और गदरपुर में 1,980 प्रविष्टियों का भी उल्लेख किया गया है। कांग्रेस ने फार्म-7 जनरेट होने के वैधानिक आधार, डेटा स्रोत और संबंधित प्रक्रिया की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। कांग्रेस ने सभी संबंधित मतदाताओं का भौतिक सत्यापन, भाग संख्या 65 के 123 मतदाताओं के नाम बहाल करने तथा अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी ऐसी विसंगतियों की जांच की मांग की है। पार्टी ने कहा है कि 3 अक्टूबर से पहले समाधान नहीं होने पर वह सक्षम न्यायिक मंच का रुख करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *