गढ़वाल मंडल के जिला सहकारी बैंक चुनाव में भाजपा का क्लीन स्वीप

गढ़वाल मंडल के जिला सहकारी बैंक चुनाव में भाजपा का क्लीन स्वीप


देहरादून। जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में भाजपा ने गढ़वाल मंडल के सभी छह जनपदों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर निर्विरोध जीत दर्ज की। देहरादून से मंजीत रावत, चमोली से गजेंद्र सिंह रावत, उत्तरकाशी से शारदा राणा, पौड़ी से पंकज रावत, टिहरी से सुभाष चंद्र रमोला तथा हरिद्वार से विजेंद्र चौधरी अध्यक्ष निर्वाचित हुए। सभी छह बैंकों में उपाध्यक्ष पदों पर भी भाजपा समर्थित प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए।
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि निर्विरोध निर्वाचन आपसी विश्वास, संगठनात्मक समन्वय और सहकारिता की भावना को मजबूत करने का संदेश है। उन्होंने कहा कि सहकारिता चुनाव में जनता ने भाजपा की नीतियों पर भरोसा जताया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी सहकारिता आंदोलन को नई दिशा देंगे। उत्तराखंड में पहली बार सहकारिता चुनावों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है। प्रदेश के दस जिला सहकारी बैंकों में से उत्तरकाशी, अल्मोड़ा और ऊधमसिंह नगर में अध्यक्ष पद महिला आरक्षित हैं। कुमाऊं मंडल में चुनाव 10 और 11 सितंबर को होंगे।


चकराता सहकारी बैंक चुनाव में डॉ. पूजा गौड़ की बड़ी जीत

विकासनगर। चकराता क्षेत्र में जिला सहकारी बैंक की प्रबंध समिति के निदेशक पद का चुनाव राजनीतिक लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। निर्वाचन में डॉ. पूजा गौड़ ने भारी मतों से जीत दर्ज कर भाजपा खेमे में उत्साह बढ़ा दिया। कांग्रेस ने सीट पर पूरी ताकत झोंकी थी, जबकि भाजपा में संभावित फूट का लाभ उठाने की रणनीति भी मानी जा रही थी। जीत के बाद डॉ. पूजा गौड़ ने समर्थकों और सहकारी समितियों से निर्वाचित सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सभी समर्थकों के विश्वास की जीत है। उन्होंने सहकारिता को किसान और गरीब हितों से जोड़कर नई दिशा देने की बात कही।


भाजपा महानगर कार्यालय में हुआ स्वागत

देहरादून। भाजपा महानगर कार्यालय में नवनिर्वाचित जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष मनजीत रावत और उपाध्यक्ष भीम सिंह पुंडीर का स्वागत किया गया। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ एवं भाजपा का पटका पहनाकर मनजीत रावत का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि रावत लंबे समय से पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं और उनका अध्यक्ष चुना जाना कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है।


पहली निर्विरोध महिला अध्यक्ष बनीं शारदा राणा

उत्तरकाशी। पूर्व ब्लॉक प्रमुख शारदा राणा जिला सहकारी बैंक की निर्विरोध पहली महिला अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र राणा की पत्नी शारदा राणा की संगठन में मजबूत पकड़ मानी जाती है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण और सहकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, नागेंद्र चौहान सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *