हिस्ट्रीशीटर महिला स्मैक तस्कर गिरफ्तार, घर से 6.98 ग्राम अवैध स्मैक बरामद

विकासनगर। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विकासनगर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में वांछित हिस्ट्रीशीटर महिला परवीन उर्फ पिन्नों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूर्व में स्मैक के साथ गिरफ्तार दिलदार और आशिफ से पूछताछ में महिला का नाम सामने आया था। न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर सात सितंबर को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उसके कुंजाग्रांट स्थित घर की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान रोटी बनाने वाले चकले के पीछे छिपाकर रखी 6.98 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने महिला को मौके से गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला विकासनगर कोतवाली की हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी, चोरी समेत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उसने पूर्व में दिलदार और आशिफ को स्मैक बेचने की बात स्वीकार की है।

एनडीपीएस एक्ट में वांछित नशा तस्कर गिरफ्तार
विकासनगर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विकासनगर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में वांछित अभियुक्त निसार को ढकरानी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 17 मार्च 2026 को नेत्र सिंह निवासी पांवटा साहिब, हिमाचल प्रदेश को 253.26 ग्राम अवैध डोडा पाउडर के साथ गिरफ्तार किया गया था। मामले में पूछताछ के दौरान उसने डोडा पाउडर ढकरानी निवासी निसार से खरीदने की जानकारी दी थी।
इसके बाद पुलिस ने निसार की गिरफ्तारी के लिए सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। आठ सितंबर को मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में निसार ने नेत्र सिंह को डोडा पाउडर बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।