ग्रीन और प्लास्टिक मुक्त होगी चारधाम यात्रा, मुख्यमंत्री ने निरीक्षण कर दिए निर्देश

ग्रीन और प्लास्टिक मुक्त होगी चारधाम यात्रा, मुख्यमंत्री ने निरीक्षण कर दिए निर्देश


रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। आस्था और श्रद्धा के महान पर्व के रूप में प्रतिष्ठित श्री केदारनाथ धाम के कपाट वर्ष 2026 की यात्रा हेतु आगामी 22 अप्रैल 2026 को विधि-विधान एवं सनातन परंपराओं के अनुरूप श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस अवसर पर राज्य सरकार द्वारा यात्रा को सुरक्षित सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने यात्रा को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर विशेष जोर देते हुए ग्रीन यात्रा के उद्देश्य को प्राथमिकता देने की बात कही।
इसी क्रम में गुरूवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनपद रुद्रप्रयाग पहुंचे और ग्राउंड जीरो पर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के मद्देनजर राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक कार द्वारा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जवाड़ी बाईपास निर्माणाधीन सुरंग तिलवाड़ा में हटाए गए अतिक्रमण बांसवाड़ा कुंड-काकड़ागाड़ जैसे भूस्खलन संभावित संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क के पेचवर्क झाड़ी कटान साइनेज क्रैश बैरियर सुरक्षा उपायों एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी लंबित कार्यों को यात्रा शुरू होने से पूर्व हर हाल में पूर्ण किया जाए। इसके उपरांत मुख्यमंत्री द्वारा गुप्तकाशी में चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर जनपदीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।


श्रद्धालुओं से करें सौम्य व्यवहार

बैठक में उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के साथ सौम्य व्यवहार रखने के निर्देश दिए। साथ ही हेलीपैड पर यात्री शेड लैंडस्लाइड प्रभावित क्षेत्रों के समीप पुलिस चौकियों में आवश्यक सुविधाएं जैसे दवाइयां पेयजल एवं फूड पैकेट उपलब्ध रखने के निर्देश दिए ताकि आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान की जा सके।


भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर करें कार्रवाई

उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यात्रा से जुड़े सभी हितधारकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। गैस आपूर्ति के विषय में मुख्यमंत्री ने बताया कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद केंद्र सरकार से अतिरिक्त गैस आपूर्ति की मांग की गई है जिससे यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को यात्रा से जोड़ते हुए वोकल फॉर लोकल के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त पैदल मार्गों पर पेयजल प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष  ऐश्वर्या रावत भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट जिलाधिकारी विशाल मिश्रा पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.आशीष रावत अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

चारधाम यात्रा से पहले खाद्य सुरक्षा मानकों पर जोर

श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा को देखते हुए खाद्य व्यापारियों की जागरूकता बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में आयोजित बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी. जोशी ने सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने पर जोर दिया। व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों, साफ-सफाई, पेस्ट कंट्रोल, फूड लाइसेंस प्रदर्शित करने और एफएसएसएआई टोल फ्री नंबर लगाने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि यात्रा के दौरान खाद्य सुरक्षा टीमें निरीक्षण और सैंपलिंग करेंगी तथा मोबाइल लैब से जांच होगी। नियमों का पालन न करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बद्रीनाथ में कोतवाली शुरू, सुरक्षा चाक-चौबंद

चमोली। चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित व सुगम बनाने के लिए चमोली पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बद्रीनाथ धाम में कोतवाली श्री बद्रीनाथ का विधिवत शुभारम्भ किया गया। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में पूजा-अर्चना के साथ संचालन शुरू हुआ। उप निरीक्षक नवनीत भंडारी को कोतवाली प्रभारी नियुक्त किया गया है। 23 अप्रैल को कपाट खुलने से पहले ही सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से नियमों का पालन और सहयोग करने की अपील की है।


बद्रीनाथ-हेमकुंड यात्रा तैयारियों का एडीजी ने लिया जायजा

चमोली। चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों के तहत एडीजी एपी अंशुमान ने बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ज्योतिर्मठ से बद्रीनाथ तक मार्ग, पुलिस चौकियों और संवेदनशील स्थलों का जायजा लेकर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सीसीटीवी निगरानी को मजबूत करने के निर्देश दिए।
कोतवाली ज्योतिर्मठ और बद्रीनाथ का निरीक्षण कर पुलिस कर्मियों को सजग रहने तथा श्रद्धालुओं के साथ सौम्य व्यवहार करने को कहा। पांडुकेश्वर, हनुमानचट्टी और पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। गोविंदघाट में गुरुद्वारा प्रबंधन से हेमकुंड यात्रा तैयारियों पर चर्चा की गई। विभिन्न संगठनों के साथ बैठक में पार्किंग, जाम और ईंधन आपूर्ति जैसे मुद्दे उठे, जिन पर एडीजी ने त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *