एसआईआर की पारदर्शिता को लेकर सीडीओ ने दिए निर्देश

टिहरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार टिहरी गढ़वाल में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए महाअभियान शुरू हो गया है। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और भरे हुए प्रपत्र एकत्रित करेंगे। नागरिकों से सही जानकारी भरकर समय पर प्रपत्र जमा करने की अपील की गई है। आयोग ने घर पर उपलब्ध न रहने वाले मतदाताओं के लिए ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा भी शुरू की है। बैठक में 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए। विभिन्न विभागों को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।