पौड़ी में स्तन कैंसर स्क्रीनिंग अभियान शुरू

पौड़ी। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी ने जिला चिकित्सालय पौड़ी में स्तन कैंसर स्क्रीनिंग अभियान की शुरुआत की। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल की मौजूदगी में शुरू हुए अभियान के तहत महिलाओं को स्तन कैंसर के लक्षणों और समय पर जांच के महत्व की जानकारी दी गई। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निहारिका ने बताया कि स्तन या बगल में गांठ, दर्द, निप्पल से रक्तस्राव, लाली और त्वचा में बदलाव इसके प्रमुख लक्षण हैं। उन्होंने महिलाओं को नियमित स्वयं जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। डॉ. गोयल ने बताया कि जिला चिकित्सालय पौड़ी और उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर में प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को स्क्रीनिंग सुविधा उपलब्ध रहेगी। पहले दिन पौड़ी में 16 और श्रीनगर में 11 महिलाओं की जांच की गई।