अवैध रूप से देवभूमि में रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, फर्जी आधार कार्ड समेत दस्तावेज बरामद

अवैध रूप से देवभूमि में रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, फर्जी आधार कार्ड समेत दस्तावेज बरामद


देहरादून। ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे सघन सत्यापन अभियान में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भारत में रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। महिला पर फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवाकर देश में रहने और पहचान छुपाने का आरोप है। उसके पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र, नागरिकता प्रमाण पत्र की प्रतियां और फर्जी आधार कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में संदिग्ध और अवैध रूप से रह रहे व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्थानीय अभिसूचना इकाई से प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नटराज चौक क्षेत्र स्थित डग रोड के पास संदिग्ध महिला को चिन्हित कर हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने अपना नाम रीना उर्फ रीता, निवासी जिला सरियातपुर, ढाका (बांग्लादेश) बताया। उसने स्वीकार किया कि वह लगभग एक माह पूर्व अवैध रूप से सीमा पार कर भारत आई थी। भारत आने के लिए उसे एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क कर रोजगार का झांसा दिया था और उसे दिल्ली से ऋषिकेश का बस टिकट भी उपलब्ध कराया गया था। महिला ने बताया कि उसने पश्चिम बंगाल में फर्जी दस्तावेज तैयार कर भारतीय आधार कार्ड बनवाया, जिसका उपयोग वह अपनी वास्तविक पहचान छुपाने के लिए कर रही थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि उसे भारत में लाने और फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में कुछ अन्य व्यक्तियों की भूमिका भी हो सकती है, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने महिला के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं के साथ-साथ पासपोर्ट अधिनियम और विदेशी/आव्रजन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद दस्तावेजों और मोबाइल फोन को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है और अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। इस गिरफ्तारी को सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *