भक्ति और आस्था के बीच मूल धाम रवाना हुई बाबा रुद्रनाथ की उत्सव डोली

चमोली। गोपेश्वर में रविवार को पंच केदारों में चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ की भव्य उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल गोपीनाथ मंदिर से विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मूल धाम के लिए रवाना हुई। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में निकली डोली यात्रा से पूरा क्षेत्र ’बम-बम भोले’ और ’जय बाबा रुद्रनाथ’ के जयकारों से गूंज उठा।
उत्सव डोली के प्रस्थान अवसर पर प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बाबा रुद्रनाथ के समक्ष शीश नवाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और चारधाम यात्रा के सकुशल संचालन की कामना की। इस दौरान भारतीय सेना के बैंड की मधुर धुनों और ढोल-दमाऊ की गूंज ने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। डोली यात्रा को भव्य शोभायात्रा का स्वरूप दिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। यात्रा मार्ग पर चमोली पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए। मंदिर समिति ने आयोजन को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में सहयोग के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। भगवान रुद्रनाथ के कपाट 18 मई 2026 को ब्रह्म मुहूर्त में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे, जिसके बाद बाबा ग्रीष्मकाल के लिए अपने मूल धाम में विराजमान होंगे।