अशोक जोशी ने संभाली मुख्य विकास अधिकारी की जिम्मेदारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अशोक जोशी ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के मुख्य विकास अधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया है। वे राज्य के विभिन्न जनपदों में प्रशासनिक और विकास संबंधी दायित्व निभा चुके हैं। इससे पूर्व वह नैनीताल और उधमसिंह नगर में अपर जिलाधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं तथा दुग्ध विकास एवं महिला डेयरी विकास विभाग में निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। अशोक जोशी की पहचान शांत, समन्वयकारी और विकास कार्यों पर फोकस रखने वाले अधिकारी के रूप में रही है। मुख्य विकास अधिकारी के रूप में उनकी प्राथमिकताओं में जनपद की विकास योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना, ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत करना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना शामिल है। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वरोजगार और मनरेगा कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान रहेगा।