कोटद्वार में 1 किलो 52 ग्राम चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 52 ग्राम चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोटद्वार पुलिस, एएनटीएफ और सीआईयू की संयुक्त टीम 11 मई को मालन नदी पुल क्षेत्र में सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी लेने पर उनके कब्जे से चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहनवाज उर्फ शानू निवासी कोटद्वार और मोहम्मद फईम निवासी नजीबाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से कुल 1 किलो 52 ग्राम चरस बरामद की गई। पूछताछ में दोनों ने आर्थिक लाभ के लिए चरस तस्करी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।