निहंग उपद्रव के बाद ग्वालदम बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी, पुलिस-आईटीबीपी तैनात

चमोली। जिले के कर्णप्रयाग और नगरासू में निहंग सिखों द्वारा हुई कथित तलवारबाजी और उपद्रव की घटनाओं के बाद पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। एहतियातन थराली थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुमाऊं और गढ़वाल की सीमा पर स्थित ग्वालदम में भारी पुलिस बल के साथ आईटीबीपी के जवानों की तैनाती की गई है। यहां करीब 15 से 20 उत्तराखंड पुलिस के जवान और लगभग 25 आईटीबीपी के जवान सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं। रविवार को थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने मौके पर पहुंचकर पुलिस एवं आईटीबीपी जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि संवेदनशील मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए ग्वालदम को संवेदनशील क्षेत्र मानकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण पर प्रशासन सतर्क, हेमकुंड साहिब व चारधाम यात्रा सुचारू
रुद्रप्रयाग। नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब में 20 जून को हुई घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा और चारधाम यात्रा पूरी तरह सामान्य एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं तथा कहीं भी किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है।
पुलिस अधीक्षक नीहारिक तोमर ने बताया कि 112 आपात सेवा पर सूचना मिलने के बाद घोलतीर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। जांच में पाया गया कि गुरुद्वारे के सेवादारों और कुछ निहंग सिख यात्रियों के बीच विवाद की स्थिति बनी थी, जिसे पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर शांत कराया। इस दौरान दोनों पक्षों से बातचीत जारी है और प्रशासन लगातार संवाद के माध्यम से समाधान की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर फैल रही “कब्जा” या “बंधक” जैसी सूचनाएं पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन हैं। गुरुद्वारे में लंगर, अरदास और अन्य धार्मिक गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पूरी तरह सुरक्षित है। सभी मार्ग खुले हैं और श्रद्धालु बिना किसी बाधा के अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने अपील की कि लोग केवल प्रशासनिक और पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें।
पुलिस ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है तथा यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति, सद्भाव और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।