हिमलोक टेंट कॉलोनी का निरीक्षण कर अव्यवस्थाओं पर 11 लोगों के चालान

रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने सेक्टर अधिकारी केदारनाथ के साथ हिमलोक टेंट कॉलोनी का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टेंट कॉलोनी में साफ-सफाई, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। अपर जिलाधिकारी ने टेंट संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थानों पर एकत्रित करने तथा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता हैं। निरीक्षण में विभिन्न व्यवस्थाओं में कमी और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर 11 लोगों के चालान किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों को यात्रा क्षेत्र में नियमित निरीक्षण अभियान जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं मिल सकें।