नई टिहरी-बी पुरम मार्ग का एडीएम ने किया निरीक्षण, स्थायी समाधान के निर्देश

नई टिहरी। अपर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल शैलेन्द्र सिंह नेगी ने नई टिहरी-बी पुरम मार्ग पर वर्षा से प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। हालिया बारिश के कारण मार्ग पर आए मलबे और जल निकासी की समस्या का जायजा लेते हुए उन्होंने पाया कि पक्के नाले से हटकर पानी का बहाव होने से क्षेत्र में स्लाइड जोन विकसित होने की आशंका है। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को स्थायी तकनीकी उपचार एवं सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मलबा हटाने, जल निकासी व्यवस्था सुचारु रखने तथा मानसून को देखते हुए संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।