एडीजी डॉ. वी. मुरूगेशन ने लैंसडाउन कोतवाली का किया निरीक्षण

पौड़ी। अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने रविवार को कोतवाली लैंसडाउन का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क और सीसीटीएनएस कक्ष का जायजा लिया।
एडीजी ने अभिलेखों, आगंतुक रजिस्टर, अपराध पंजिका एवं अन्य दस्तावेजों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए रिकॉर्ड प्रबंधन, सरकारी संपत्ति के संरक्षण और पारदर्शी कार्यप्रणाली पर जोर दिया। उन्होंने वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, नशा तस्करी एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी के लिए बीट पुलिसिंग और नियमित गश्त मजबूत करने को कहा। जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर पुलिस पर विश्वास मजबूत करने पर भी जोर दिया।
साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौती को देखते हुए पुलिस कर्मियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने और साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर संवेदनशील पुलिसिंग अपनाने तथा महिला संबंधी शिकायतों पर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। एडीजी ने कहा कि पुलिसिंग का उद्देश्य सुरक्षा के साथ जनता का विश्वास कायम करना है।