आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
विकासनगर। आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड, परियोजना विकासनगर के बैनर तले कार्यकत्रियों ने लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। संगठन ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में मानदेय वृद्धि सहित विभिन्न मांगों पर ठोस निर्णय न होने पर नाराजगी जताई। साथ ही 1 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
मोर्चे के अनुसार, 3 मार्च 2024 को मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता में मानदेय वृद्धि के लिए कमेटी गठित करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद 2 दिसंबर 2025 को सचिवालय रैली के दौरान भी अधिकारियों ने जल्द मानदेय बढ़ाने का लिखित भरोसा दिया। 2 मई 2026 को मुख्यमंत्री के साथ पुनः वार्ता हुई, जबकि 3 और 5 सितंबर को सचिवालय तथा निदेशालय स्तर पर अधिकारियों से बातचीत की गई। संगठन का आरोप है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। कार्यकत्रियों ने कहा कि वे सीमित संसाधनों में पोषण, मातृ-शिशु कल्याण, सर्वेक्षण, डिजिटल कार्यों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी निभा रही हैं। इसके बावजूद उन्हें पेंशन और सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिल रहा है। 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर आर्थिक सुरक्षा का कोई ठोस प्रावधान न होने पर भी चिंता जताई गई। प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी, सुशीला खत्री, विमला कोहली, ममता बादल और विकासनगर ब्लॉक अध्यक्ष सुनीता देवी सहित कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।