इगास पर्व पर एक हजार दीपों से जगमगाया देवप्रयाग का संगम तट
टिहरी। इगास पर्व के अवसर पर शुक्रवार को नगर पालिका परिषद देवप्रयाग की ओर से संगम तट पर भव्य दीप महोत्सव आयोजित किया गया। इस दौरान एक हजार दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा संगम क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा। कार्यक्रम में भव्य गंगा आरती भी हुई।
प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने दीप प्रज्वलित कर मां गंगा की आरती में भाग लिया। नगर पालिका अध्यक्ष ममता देवी और कीर्तिनगर के उप जिलाधिकारी पंकज भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। दीपों की रोशनी और गंगा आरती से संगम तट पर भक्तिमय वातावरण बना रहा। आयोजन के माध्यम से इगास पर्व की लोक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था को उत्साहपूर्वक मनाया गया।