सिडकुल में अवैध पार्किंग पर कार्रवाई, 45 भारी वाहनों के चालान
हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में अवैध पार्किंग के खिलाफ परिवहन विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 45 भारी वाहनों के चालान किए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा और एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों को ब्लैकलिस्ट भी किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। वाहन चालकों और स्वामियों को निर्धारित अथवा अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन विभाग ने ट्रांसपोर्टरों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और दोबारा उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।