विधायक की आवाज दबाना लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान
देहरादून। जौलजीबी मेले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी को मंच से अपनी बात रखने का अवसर न दिए जाने के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को एश्ले हॉल चौक पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन किया।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान बताते हुए भाजपा सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि निर्वाचित विधायक को क्षेत्र की समस्याएं उठाने से रोकना जनता की आवाज दबाने जैसा है। उन्होंने पीआरडी कर्मचारियों की लंबित मांगों पर भी तत्काल निर्णय लेने की मांग की। गोगी ने चेतावनी दी कि मांगों और जनप्रतिनिधियों के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन तेज करेगी। प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष दर्शन लाल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।