पौड़ी में लोकगीतों और थड़्या नृत्य के साथ मनाया गया इगास पर्व

पौड़ी में लोकगीतों और थड़्या नृत्य के साथ मनाया गया इगास पर्व

पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी में लोक संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ इगास पर्व मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से पहाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में जय गढ़ गोरिल, जागृत समिति और जय गढ़ कंडोलिया सांस्कृतिक दलों ने प्रस्तुतियां दीं। लोकनायक माधो सिंह भंडारी के लोकगीतों की धुन पर थड़्या और चौंफला नृत्य प्रस्तुत किए गए। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोक परंपराओं का संरक्षण करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना रहा।
अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान ने जनपदवासियों को इगास पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व लोक संस्कृति, आस्था और पारंपरिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने युवाओं को पारंपरिक त्योहारों और सांस्कृतिक आयोजनों से जोड़ने तथा विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया। स्थानीय महिलाओं ने भी ऐसे आयोजनों को लोक परंपराओं के संरक्षण और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से परिचित कराने के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, सभासद अरविंद रावत, संस्कृतिकर्मी मनोज रावत अंजुल, केशर सिंह असवाल, संस्कृति विभाग से सरिता सिंह, प्रेमचंद ध्यानी, इंद्रमोहन चमोली सहित अनेक स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *