वेलनेस डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में तेजी, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने यमकेश्वर के मोहनचट्टी स्थित जोगियाणा में विकसित किए जा रहे आयुर्वेदिक विलेज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन योगा हॉल और पंचकर्म यूनिट को गुणवत्ता व तय समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जोगियाणा को आयुर्वेदिक विलेज के रूप में विकसित कर यहां योग, ध्यान और पंचकर्म जैसी सुविधाओं को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र वेलनेस पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय से संबंधित भूमि का सीमांकन शीघ्र कराने, आवश्यक उपकरणों की सूची तैयार कर जिला योजना में प्रस्तावित करने तथा परिसर को आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवेश द्वार को थीम आधारित डिजाइन में विकसित करने और गूल (नहर) को कवर करने को भी कहा। डीएम ने औषधि वितरण केंद्र, वार्ड और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए परिसर से ठोस अपशिष्ट हटाने और हर्बल गार्डन विकसित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने गरुड़चट्टीदृनीलकंठ मोटर मार्ग का निरीक्षण कर 15 मई तक पैचवर्क और अन्य कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, साथ ही जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया।