विधवा कनिष्का का हाउस टैक्स कराया जमा, पुत्री के विवाह के लिए 50 हजार की आर्थिक सहायता स्वीकृत

विधवा कनिष्का का हाउस टैक्स कराया जमा, पुत्री के विवाह के लिए 50 हजार की आर्थिक सहायता स्वीकृत


देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनदर्शन/जनता दरबार में जन समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त उदाहरण देखने को मिला। कार्यक्रम में कुल 239 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, बिजली-पानी बिल, फीस माफी, राशन कार्ड और मुआवजे से जुड़े मामले प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में कई जरूरतमंदों को मौके पर ही राहत प्रदान की गई। विधवा कनिष्का गर्ग का 47,230 हाउस टैक्स जिला प्रशासन द्वारा जमा कराया गया, जबकि गंगा राम की पुत्री के विवाह हेतु 50,000 की सहायता स्वीकृत की गई। 66 वर्षीय विधवा नीलम के पानी के बिल का सेटलमेंट कर शेष 12,776 की राशि प्रशासन द्वारा जमा कराई गई।
महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों में भी विशेष संवेदनशीलता दिखाई गई। “नंदा-सुनंदा” परियोजना के अंतर्गत कई छात्राओं की शिक्षा पुनर्जीवित करने के निर्देश दिए गए। रजनी कश्यप, हसीना, कविता, नसीम और पायल गोयल समेत कई महिलाओं की बेटियों की फीस माफी के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। कैंसर पीड़ित धीरज रावत की पुत्री की शिक्षा का खर्च भी इसी योजना से वहन करने के निर्देश दिए गए।


विधवा किरण धीमान को रोजगार दिलाने और उनके बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। वहीं, राशन कार्ड, भूमि सीमांकन, अवैध कब्जा और मुआवजा जैसे मामलों में भी तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए। जनदर्शन में पहुंचे फरियादियों ने प्रशासन की त्वरित कार्यशैली की सराहना की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत को लंबित नहीं रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *