15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

उत्तरकाशी। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 558 मतदान केंद्रों पर पुनरीक्षण कार्य जारी है। कुल 63,717 नोटिसों में से 63,645 वितरित किए जा चुके हैं और 88 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता विवरण का सत्यापन कर रहे हैं तथा पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और मृत, स्थानांतरित व अपात्र मतदाताओं के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि नोटिस मिलने पर घबराने की आवश्यकता नहीं है। सही जानकारी उपलब्ध कराकर प्रक्रिया में सहयोग करें। अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को प्रकाशित होगी।