विशाल रक्तदान शिविर में 140 यूनिट रक्त एकत्र

देहरादून। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून के निर्देश पर रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, समाजसेवा प्रभाग, ब्रह्माकुमारीज और आईएमए ब्लड बैंक ऑफ उत्तराखंड के संयुक्त सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीमा डुंगराकोटी की उपस्थिति में आयोजित शिविर में स्थानीय जनता, एनसीसी छात्र-छात्राओं, मद्रास इंजीनियर यूनिट के 70 जवानों तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में करीब ’’140 रक्तदाताओं ने 140 यूनिट रक्त’’ दान किया। सचिव ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि रक्तदान जीवनदान है और इससे जरूरतमंदों की जिंदगी बचाई जा सकती है। इस दौरान आगामी ’’राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितंबर 2026’’ की जानकारी भी दी गई तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। शिविर की संयोजक बीके सुशील भाई और इंचार्ज मंजू दीदी ने आयोजन को समाजसेवा और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।