बच्चों ने कला, सामान्य ज्ञान और मेहंदी प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा

हरिद्वार। श्री विश्वकर्मा सभा, भेल, हरिद्वार के स्वर्ण जयंती वर्ष (1976-2026) के अवसर पर रविवार को सेक्टर-04 स्थित सामुदायिक केंद्र में बच्चों एवं महिलाओं के लिए कला, सामान्य ज्ञान और मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कला प्रतियोगिता में बच्चों ने चित्रकला, रंग भरने और हस्तलेखन के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई, जबकि सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में बच्चों ने ज्ञान एवं आत्मविश्वास का परिचय दिया। मेहंदी प्रतियोगिता में बालिकाओं एवं महिलाओं ने आकर्षक डिजाइनों के जरिए अपनी कलात्मक क्षमता प्रदर्शित की। प्रतिभागियों की रचनात्मकता, स्वच्छता और समय पालन को विशेष महत्व दिया गया। सभा अध्यक्ष धर्मपाल धीमान एवं पदाधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। सचिव अमित जांगिड ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मकता, ज्ञान, आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने में सहायक हैं। कार्यक्रम में अशोक धीमान, जितेन्द्र धीमान, रामाशीष विश्वकर्मा, अनूप धीमान सहित अन्य सदस्य एवं अभिभावक मौजूद रहे।