एसओएस बालग्राम बौराड़ी में दो नए फैमिली होम शुरू

टिहरी गढ़वाल। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने समिति के साथ एसओएस चिल्ड्रन्स बालग्राम बौराड़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान हाउस नंबर 4 और 5 के रूप में शुरू किए गए दो नए फैमिली होम का अवलोकन कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, देखभाल और पारिवारिक माहौल का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और समग्र विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। समिति ने नए फैमिली होम में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे बच्चों को परिवार जैसा सुरक्षित वातावरण देने की सकारात्मक पहल बताया। बताया गया कि एसओएस बालग्राम भारत फैमिली लाइक केयर प्रोग्राम के तहत बच्चों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, भावनात्मक सहयोग और सुरक्षित माहौल उपलब्ध करा रहा है। संस्था देश के 22 राज्यों में संचालित है और बौराड़ी केंद्र के माध्यम से विभिन्न समुदायों के लगभग 350 बच्चों को सहायता प्रदान की जा रही है। निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।