पर्स स्नैचिंग की दो घटनाओं का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर हुई पर्स स्नैचिंग की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 26 सितंबर को कैलाशपुर और गंगा विहार क्षेत्र में पैदल घर जा रही दो महिलाओं से स्कूटी सवार व्यक्ति मोबाइल फोन और पर्स छीनकर फरार हो गया था। दोनों मामलों में पटेलनगर थाने में मुकदमे दर्ज किए गए।
घटनाओं की जांच के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से 27 सितंबर को आरोपी अमन सती (25), निवासी हरभजवाला, पटेलनगर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से छीने गए दो मोबाइल फोन, 6,700 रुपये, पर्स से संबंधित दस्तावेज और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने नशे की जरूरत पूरी करने के लिए स्नैचिंग की घटनाएं करने की बात बताई। वह छीने गए मोबाइल बेचने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। कार्रवाई टीम में उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, बलबीर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी और एसओजी कर्मी शामिल रहे।