बहादरपुर फाटक पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आकर छात्रा की मौत

हरिद्वार/लक्सर। बहादरपुर फाटक के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्रा स्कूल से छुट्टी के बाद अपने दादा के साथ घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से हादसा हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक काफी तेज गति से आ रहा था, जिससे हादसा टालना संभव नहीं हो सका। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए ट्रक को कब्जे में ले लिया। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने मौके पर विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से बहादरपुर फाटक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने, स्पीड कंट्रोल के लिए ठोस कदम उठाने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी तेज रफ्तार वाहनों के कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है। प्रशासन ने लोगों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।