रक्षाबंधन पर सजा प्रेम का संसार, बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा स्नेह का धागा
हरिद्वार/देहरादून। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनकी सुरक्षा, सम्मान और हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। राखी बांधने के बाद घरों में मिठाई खिलाने और आशीर्वाद लेने का सिलसिला चलता रहा।
परेशानियां झेलकर भी भाइयों के घर पहुंचीं बहनें
रक्षाबंधन पर अपने भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए बहनों ने दूरी और तमाम परेशानियों की परवाह नहीं की। दूर-दराज क्षेत्रों से बहनें बसों और अन्य वाहनों से सफर कर भाइयों के घर पहुंचीं। कई बहनों ने घंटों सफर करने के बाद राखी बांधी। पर्व को लेकर परिवहन साधनों में भी भारी भीड़ रही।

निःशुल्क यात्रा से बसों में उमड़ी भीड़
रक्षाबंधन पर महिलाओं को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने के कारण बस अड्डों और बसों में दिनभर भारी भीड़ देखने को मिली। कई बसों में क्षमता से अधिक यात्री होने के कारण चालक-परिचालकों ने जगह नहीं होने पर कई स्थानों पर बसें नहीं रोकीं। इससे बस का इंतजार कर रही महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई महिलाएं अगली बस के इंतजार में काफी देर तक खड़ी रहीं।
बाजारों में रही रौनक, जमकर हुई खरीदारी
रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में भी खास रौनक देखने को मिली। राखी, मिठाई, फल और उपहारों की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ रही। बहनों ने भाइयों के लिए रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों की खरीदारी की, वहीं मिठाई की दुकानों पर भी जमकर बिक्री हुई। दुकानदारों ने पर्व को देखते हुए विभिन्न प्रकार की मिठाइयां और राखियों की विशेष रेंज सजाई थी।

विश्वविद्यालय में हर्षाेल्लास से मनाया गया रक्षाबंधन पर्व
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में रक्षाबंधन पर्व उत्साह और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न छात्रावासों में छात्राओं ने आपसी स्नेह, भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाया। मुख्य छात्रावास अधीक्षक एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि चौरास परिसर स्थित महिला छात्रावास में ‘प्रकृति वंदन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो. हरि भजन सिंह चौहान ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। छात्राओं ने भी प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रो. विजयकांत पुरोहित, डॉ. तेजपाल बिष्ट, डॉ. श्वेता वर्मा और डॉ. हिमशिखा गुसाईं सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।