“ऊं नमः शिवाय” के जयकारों के साथ खुले तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट

रुद्रप्रयाग। जिले में स्थित विश्वप्रसिद्ध तृतीय केदार तुंगनाथ मंदिर के कपाट भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। 12073 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस मंदिर में “ऊं नमः शिवाय” के उद्घोष के बीच सुबह 11 बजे विधि-विधान से कपाट खुलने की प्रक्रिया संपन्न हुई।
कपाट खुलने से पूर्व मंदिर को 5 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ स्वयंभू शिवलिंग को जागृत कर श्रृंगार रूप दिया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक और दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह डोली चोपता से पहुंचकर मंदिर में विराजमान हुई। इस अवसर पर 500 से अधिक श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। कपाट खुलने के साथ ही पंचकेदार यात्रा का यह प्रमुख स्थल श्रद्धालुओं के लिए पुनः दर्शन हेतु आरंभ हो गया है। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुजारीगण और बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।