शंकराचार्य चौक का बदलेगा स्वरूप, गंगा तट पर स्थापित होगी आदि शंकराचार्य जी की प्रतिमा

शंकराचार्य चौक का बदलेगा स्वरूप, गंगा तट पर स्थापित होगी आदि शंकराचार्य जी की प्रतिमा


हरिद्वार। हरिद्वार शहर के प्रमुख शंकराचार्य चौक का स्वरूप अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। चौराहे के मध्य स्थापित जगतगुरु आदि शंकराचार्य जी की प्रतिमा को गंगा तट पर भव्य एवं दिव्य स्वरूप में स्थापित किया जाएगा। इसके लिए रविवार को विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
शंकराचार्य चौक से छह प्रमुख मार्गों का जुड़ाव होने तथा दिल्ली-देहरादून फ्लाईओवर के निर्माण के बाद यातायात दबाव को देखते हुए हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण ने प्रतिमा स्थानांतरण एवं चौक के सौंदर्यीकरण का निर्णय लिया है। यह कार्य आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के दृष्टिगत किया जा रहा है। भूमि पूजन कार्यक्रम में निर्वाण पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती महाराज, महानिर्वाणी अखाड़ा के सचिव रवींद्र पुरी जी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा एवं अखाड़ों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक भी शामिल हुए। इस अवसर पर नगर आयुक्त नंदन कुमार, हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार सिंह, उद्यान अधिकारी आशाराम जोशी, सहायक अभियंता वर्षा एवं पार्षद अनुज कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना संत समाज के आशीर्वाद एवं मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों के अनुरूप प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका के मार्गदर्शन में विकसित की जा रही है। परियोजना पूर्ण होने के बाद चौक अधिक सुव्यवस्थित, सुंदर एवं आधुनिक स्वरूप में दिखाई देगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और श्रद्धालुओं व आमजन को सुविधा प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *