निर्माणाधीन मकान से चोरी करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार

देहरादून। विकासनगर क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से बिजली फिटिंग की तार चोरी करने वाले अभियुक्त को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वादी विरेन्द्र सिंह ने सूचना दी थी कि उनके ढालीपुर फार्म हाउस में चल रहे निर्माण कार्य स्थल से तार चोरी कर ली गई है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी हरबर्टपुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से अभियुक्त आशिक पुत्र सलीम निवासी कुंजाग्रांट को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त पूर्व में भी चोरी और गोकशी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना विकासनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।