शिक्षक गबर सिंह बिष्ट राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित

पौड़ी। राष्ट्रीय शिक्षक दिवस पर नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्कृष्ट शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 प्रदान किए। उत्तराखंड से पौड़ी जिले के नैनीडांडा स्थित राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुस्याखांद के प्रधानाध्यापक गबर सिंह बिष्ट को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वह इस वर्ष विद्यालयी शिक्षा क्षेत्र में उत्तराखंड से राष्ट्रीय सम्मान पाने वाले एकमात्र शिक्षक हैं।
गबर सिंह बिष्ट वर्ष 2003 से विद्यालय में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने गणित-विज्ञान को सरल एवं रुचिकर बनाने के साथ विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शन दिया। डिजिटल प्लेटफॉर्म, ई-कंटेंट, पीपीटी, प्रोजेक्टर, डिजिटल बोर्ड और गूगल मीट का प्रभावी उपयोग कर उन्होंने शिक्षण को आधुनिक बनाया। कोरोना काल में भी ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई जारी रखी। उन्हें पूर्व में राज्यपाल पुरस्कार और शैलेश मटियानी पुरस्कार भी मिल चुके हैं। मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना ने उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे पौड़ी और उत्तराखंड के लिए गौरव बताया।