मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर करें बात, जरूरतमंद को समय पर दें सहायता

चमोली। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर जनपद के स्वास्थ्य संस्थानों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में अधिकारियों-कर्मचारियों ने आत्महत्या रोकथाम की शपथ ली। लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए भ्रांतियां दूर करने और जरूरतमंदों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया। टेली-मानस हेल्पलाइन ’’14416’’ की जानकारी भी दी गई। सीएमओ डॉ. राजीव सिंह पाल ने कहा कि संवेदनशीलता से बात सुनना और उचित सहायता से जोड़ना आत्महत्या रोकथाम में महत्वपूर्ण है।

विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर किया जागरूक
श्रीनगर गढ़वाल। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर एचएनबीजीयू बेस अस्पताल के मनोचिकित्सा विभाग ने जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया। ‘खाली कुर्सी’ गतिविधि के माध्यम से मानसिक परेशानी को पहचानने और संवेदनशीलता से बात सुनने का संदेश दिया गया। ‘जीने के 100 कारण’ गतिविधि में प्रतिभागियों और मरीजों ने जीवन से जुड़े छोटे-बड़े कारण साझा किए। सामूहिक शपथ में हर जीवन को महत्वपूर्ण मानने, जरूरतमंद की बात सुनने और समय पर सहायता उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया।

विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस दिलाई शपथ
पौड़ी। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. वीरेन्द्र कुमार पुनेडा ने अधिकारियों-कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहने और जरूरतमंदों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है।