स्वच्छकार कर्मचारी संघ ने सौंपा ज्ञापन
विकासनगर। उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ ने प्रांतीय अध्यक्ष सतीश कुमार परछा के नेतृत्व में नगरपालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संघ ने वाल्मीकि समाज के अधिकारों के कथित हनन और उपेक्षा पर नाराजगी जताई। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पर्यावरण मित्रों के पदों पर वाल्मीकि समाज के योग्य लोगों के बजाय अन्य लोगों की नियुक्ति की जा रही है। साथ ही नियुक्त कर्मचारियों से सफाई के बजाय अन्य कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे समाज के युवाओं और महिलाओं के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो रहा है। संघ ने मांगों पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। ज्ञापन के दौरान संगठन के पदाधिकारी और समाज के लोग मौजूद रहे।