लापता बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा
चमोली। नंदानगर थाना क्षेत्र से लापता हुई बालिका को चमोली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। 4 नवंबर को परिजनों ने बालिका के घर से बिना बताए चले जाने की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने तत्काल बालिका का फोटो और विवरण जनपद के सभी थानों व चौकियों में साझा किया। नंदप्रयाग चौकी पुलिस ने वाहनों की चेकिंग और तलाश अभियान चलाते हुए नंदप्रयाग बगड़ के समीप बालिका को बरामद किया। इसके बाद उसे चाचा के सुपुर्द कर दिया गया। बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया। टीम में हेड कांस्टेबल सुनील पंथवाल, कांस्टेबल पंकज मैखुरी और होमगार्ड विमल शामिल रहे।