महंगे शौक पूरे करने के लिए बन गए लुटेरे, तीन आरोपी गिरफ्तार
लक्सर। महंगे शौक और निजी जरूरतें पूरी करने के लिए राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को लक्सर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 4200 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इसके अलावा पीड़ित का आधार कार्ड और एक काला बैग भी मिला है।
पुलिस के अनुसार ग्राम शिवगढ़ निवासी अनुज ने दो नवंबर को कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया था कि एक नवंबर की रात करीब साढ़े दस बजे तीन बाइक सवारों ने उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर पांच हजार रुपये नकद और सैमसंग ए36 5जी मोबाइल फोन छीन लिया तथा मौके से फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मैनुअल और डिजिटल माध्यमों से साक्ष्य जुटाते हुए संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद तीन नवंबर को लक्सर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से लूटा गया मोबाइल और 4200 रुपये बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे आपस में दोस्त हैं और अपने महंगे शौक व निजी जरूरतें पूरी करने के लिए सुनसान रास्तों पर राहगीरों को डराकर नकदी और कीमती सामान लूटते थे। लूट की रकम आपस में बांट लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय उर्फ बाबा पुत्र मेहर सिंह निवासी सूखेड़ी, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), विशाल पुत्र सुभाष निवासी भट्टीपुर, थाना पथरी और विक्की पुत्र सुरेश पाल निवासी दाबकी, कोतवाली लक्सर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक अजय से 1500 रुपये, विशाल से 1600 रुपये और विक्की से 1100 रुपये बरामद हुए। पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।