चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लेने कैंपटी पहुंचीं एसएसपी, यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण

टिहरी। चारधाम यात्रा-2026 और पर्यटन सीजन को देखते हुए टिहरी गढ़वाल की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कोतवाली कैंपटी का औचक निरीक्षण कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मसूरी बैंड से नैनबाग-डामटा चारधाम यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थलों, पुलिस सहायता केंद्रों तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
एसएसपी ने थाना अभिलेखों, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कार्यों और जनसुनवाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं तथा उच्च सतर्कता और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने को कहा। उन्होंने चौकी नैनबाग के लिए नवआवंटित भूमि का भी निरीक्षण किया और भविष्य में बेहतर पुलिस सेवाओं के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा टिहरी पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।