एसएसपी देहरादून ने क्राइम मीटिंग में कसे अधीनस्थों के पेंच, दी हिदायत

एसएसपी देहरादून ने क्राइम मीटिंग में कसे अधीनस्थों के पेंच, दी हिदायत


देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने शनिवार को अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा को लेकर अधीनस्थ अधिकारियों के साथ क्राइम मीटिंग की। उन्होंने नशा तस्करी पर प्रभावी रोकथाम, आगामी त्योहारों और चुनावों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने नशा तस्करों पर लगातार निगरानी रखने, सक्रिय तस्करों की हिस्ट्रीशीट खोलने और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर जब्ती की कार्रवाई के निर्देश दिए। नशे से संबंधित शिकायतों में लापरवाही मिलने पर थाना प्रभारी की जवाबदेही तय करने की चेतावनी दी। त्योहारी सीजन को देखते हुए अस्पतालों, होटलों, रेस्टोरेंट, बाजारों और पटाखों के गोदामों का फायर ऑडिट कराने तथा अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस विजिबिलिटी बढ़ाने, शाम और रात की चेकिंग प्रभावी करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने को कहा गया।
आगामी चुनावों के दृष्टिगत असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं की निगरानी के निर्देश भी दिए गए। लंबित विवेचनाओं, विशेषकर छह माह से अधिक पुरानी विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया गया। सीसीटीएनएस पोर्टल पर सूचनाएं समय से अपडेट करने, साइबर शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा महिला एवं बाल अपराध, चोरी और अन्य अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। थाना स्तर पर पीड़ितों की शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *