पीढ़ियों का कारवां’ में दिखा नई और पुरानी पीढ़ी का संगम

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘पीढ़ियों का कारवां’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और वरिष्ठजनों के बीच संवाद, सहभागिता और भावनात्मक जुड़ाव को बढ़ावा देना है। 18 सितंबर को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालक छात्रावास, कोलागढ़ में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। इनमें ‘सेल्फी विद ग्रैंडपेरेंट्स’, पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन, गायन और स्वरचित कविता पाठ शामिल रहे। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि जनपद स्तर पर उत्कृष्ट प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने व्यवस्थाओं का समन्वय किया। कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठजनों के अनुभव और जीवन मूल्यों से नई पीढ़ी को जोड़ने के साथ सम्मान व संवेदनशीलता का संदेश दिया जा रहा है।