एसपी ने फायर सेफ्टी ऑडिट व मानसून तैयारियों पर दिए सख्त निर्देश

चमोली। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने पुलिस कार्यालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी एवं कर्मचारी सम्मेलन आयोजित कर जनपद की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, मानसून तैयारियों, साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा तथा लंबित मामलों की समीक्षा की।
गोष्ठी में सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने तथा सोशल मीडिया की सतत निगरानी के निर्देश दिए गए। मानसून को देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट मोड पर रखते हुए आपदा राहत उपकरणों को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। एसपी ने भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, सड़क अवरोध की स्थिति में त्वरित समन्वय और यातायात सुचारु रखने पर जोर दिया। साथ ही फायर सर्विस यूनिटों को अस्पतालों, स्कूलों, होटलों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित फायर सेफ्टी ऑडिट करने के निर्देश दिए। ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तेज करने और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर भी बल दिया गया।