रिवायत-ए-रेशम फैशन शो में दिखी दून सिल्क की रेशमी चमक

देहरादून। उत्तराखंड रेशम फेडरेशन के सात दिवसीय ‘रिवायत-ए-रेशम’ सिल्क एक्सपो का सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने समापन किया। बीएस नेगी महिला पॉलिटेक्निक की फैशन डिजाइनिंग छात्राओं ने रेशमी साड़ियों, मफलर और शॉल में रैंप वॉक कर पारंपरिक विरासत और आधुनिक फैशन का संगम प्रस्तुत किया। एक्सपो में 14 राज्यों के बुनकरों और रेशम उत्पादकों ने स्टॉल लगाए। सात दिनों में सवा करोड़ रुपये से अधिक के रेशम उत्पादों की बिक्री हुई। डॉ. रावत ने कहा कि रेशम क्षेत्र में रोजगार, स्वरोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को बुनकरों और उत्पादकों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने वाला बताया।