दयारा बुग्याल ट्रेक मार्ग पर लापता महिला की तलाश जारी

उत्तरकाशी। भटवाड़ी तहसील अंतर्गत दयारा बुग्याल ट्रेक मार्ग पर लापता महिला ट्रेकर की खोज के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने आपदा स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर अभियान की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि महिला की शीघ्र तलाश सुनिश्चित करने के लिए अभियान में तेजी लाई जाए तथा सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने दुर्गम क्षेत्र में खोज अभियान को और सशक्त बनाने के लिए आईटीबीपी और सेना की सहायता लेने के भी निर्देश दिए। साथ ही कंट्रोल रूम से अभियान की निरंतर निगरानी और नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा। सोमवार को आपदा क्यूआरटी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमों ने गोई कैंप से रैथल की ओर विभिन्न दिशाओं में पांच-पांच किलोमीटर के दायरे में सघन सर्च अभियान चलाया। प्रशासन के अनुसार महिला ट्रेकर की तलाश के लिए खोज अभियान लगातार जारी है।