टिहरी झील में विश्व पर्यटन दिवस पर किया पौधारोपण

टिहरी। विश्व पर्यटन दिवस-2026 पर रविवार को कोटी कॉलोनी टिहरी झील के निकट पर्यटन विभाग एवं विभिन्न संस्थानों के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम “पर्यटन के पुनर्गठन के लिए डिजिटल कार्यसूची एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता” रही। कार्यक्रम में पर्यटन क्षेत्र में डिजिटल तकनीक और एआई के उपयोग, पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने तथा पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा हुई। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने टिहरी की पर्यटन संभावनाओं की जानकारी दी। आईटीबीपी के कमांडिंग ऑफिसर विपिन मिश्रा ने स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यटन के लिए सामूहिक सहभागिता पर जोर दिया। छात्र-छात्राओं के बीच निबंध प्रतियोगिता हुई, जिसमें प्रियंका जोशी प्रथम, शुभम तोपवाल द्वितीय और निखिल राज तृतीय रहे। इस दौरान टिहरी झील और भागीरथी नदी क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर कूड़ा एकत्र किया गया। पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण भी किया गया।