भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में मार्ग सुधारीकरण कार्य तेज

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर गौरीकुंड से करीब 2.5 किलोमीटर ऊपर चीरवासा के समीप भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्ग सुधारीकरण एवं चौड़ीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। विगत दिनों भूस्खलन से क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए श्रमिक लगातार कार्य में जुटे हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर पहाड़ी का निरीक्षण कर संभावित खतरे वाले बड़े पत्थरों को पहले ही नीचे गिराया गया। सुरक्षा बलों की मौजूदगी में श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही कराई जा रही है। प्रशासन यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी कर आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कर रहा है।