देशभर से जुटेंगे ऋषिकुल के पूर्व छात्र-छात्राएं, आयुर्वेद के शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक विकास पर होगा मंथन; स्वर्ण जयंती एवं रजत जयंती बैच के पूर्व छात्रों का होगा विशेष सम्मान
हरिद्वार। ऋषिकुल की गौरवशाली शैक्षणिक परंपरा और आयुर्वेद के विकास में इसके ऐतिहासिक योगदान को समर्पित ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन (RSESA) द्वारा आगामी 28 एवं 29 नवम्बर 2026 को ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेदिक पीजी कॉलेज, हरिद्वार के मालवीय ऑडिटोरियम में दो दिवसीय एलुमिनाई मीट-कम-वर्कशॉप का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय, देहरादून का भी सहयोग प्राप्त है।
वर्ष 1919 में भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी की प्रेरणा एवं प्रयासों से स्थापित ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज देश में आयुर्वेद शिक्षा एवं चिकित्सा के प्रमुख ऐतिहासिक संस्थानों में से एक है। इस संस्थान ने पिछले कई दशकों में देश को हजारों कुशल आयुर्वेद चिकित्सक, शिक्षक, शोधकर्ता एवं आयुर्वेद विशेषज्ञ प्रदान किए हैं, जिन्होंने देश-विदेश में आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार एवं विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने तथा ऋषिकुल से शिक्षा प्राप्त विभिन्न पीढ़ियों को एक साझा मंच पर जोड़ने के उद्देश्य से इस विशेष आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है।
आयोजन में प्रमुख भूमिका
इस आयोजन के मुख्य संरक्षक उत्तराखंड के माननीय आयुष मंत्री मदन कौशिक एवं कुलपति डॉ अरुण कुमार त्रिपाठी हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. डॉ. विनीत कुमार अग्निहोत्री तथा सचिव डॉ. वेद भूषण शर्मा के नेतृत्व में आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए वैज्ञानिक समिति एवं विभिन्न आयोजन समितियों का गठन किया गया है, जिनमें ऋषिकुल के वरिष्ठ शिक्षकों एवं पूर्व विद्यार्थियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
एसोसिएशन द्वारा ऋषिकुल के सभी पूर्व स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों, वर्तमान विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा आयुर्वेद जगत से जुड़े महानुभावों से इस दो दिवसीय आयोजन में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई है।
पंजीकरण एवं सहभागिता
आयोजन में सहभागिता के लिए पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण एवं सदस्यता संबंधी जानकारी एसोसिएशन के आधिकारिक पोर्टल https://rishikulalumni.vercel. app/ पर उपलब्ध है। एसोसिएशन द्वारा 27 नवम्बर 2026 तक विलंब शुल्क के बिना ₹2,000 में पंजीकरण की सुविधा प्रदान की गई है। 27 नवम्बर एवं आयोजन स्थल पर पंजीकरण शुल्क भी ₹2,000 निर्धारित किया गया है। लाइफटाइम सदस्यों को पंजीकरण शुल्क में 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह दो दिवसीय आयोजन ऋषिकुल की गौरवशाली विरासत को नई ऊर्जा प्रदान करेगा तथा आयुर्वेद शिक्षा, अनुसंधान एवं चिकित्सा के क्षेत्र में पूर्व विद्यार्थियों की सामूहिक भूमिका को एक नई दिशा देगा।