श्रीनगर विधानसभा में श्रृंग ऋषि आश्रम और ताराकुंड का होगा विकास

श्रीनगर विधानसभा में श्रृंग ऋषि आश्रम और ताराकुंड का होगा विकास

 
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
 
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के थलीसैंण विकासखंड स्थित श्रृंग ऋषि आश्रम का जीर्णोद्धार किया जाएगा। वहीं पैठाणी क्षेत्र में स्थित ताराकुंड की प्राकृतिक झील का सौंदर्यीकरण कर दोनों पौराणिक विरासतों को पर्यटन एवं तीर्थाटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए वन एवं पर्यटन विभाग संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार करेंगे। इस संबंध में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। डॉ. रावत ने अपने विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन स्थलों के विकास और ऐतिहासिक स्थलों के जीर्णोद्धार को लेकर वन एवं पर्यटन विभाग तथा गढ़वाल मंडल विकास निगम के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। बैठक में उन्होंने थलीसैंण विकासखंड स्थित श्रृंग ऋषि आश्रम के जीर्णोद्धार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रृंग ऋषि आश्रम का धार्मिक एवं पौराणिक दृष्टि से विशेष महत्व है और इसे भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अंतर्गत मंदिर परिसर में धर्मशाला का निर्माण किया जाएगा। साथ ही श्रृंग ऋषि की विशाल प्रतिमा स्थापित करने और आश्रम तक पहुंचने वाले लगभग 12 किलोमीटर लंबे दुर्गम पैदल मार्ग का सुधारीकरण करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल सके। बैठक में डॉ. रावत ने पैठाणी स्थित ताराकुंड के विकास पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ताराकुंड की प्राकृतिक झील को संरक्षित करने के साथ ही मां तारा मंदिर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। अधिकारियों को प्राकृतिक पर्यावरण और धार्मिक आस्था के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि श्रृंग ऋषि आश्रम और ताराकुंड हमारी समृद्ध पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। इनका संरक्षण धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ ही क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी सहायक होगा। उन्होंने कहा कि दोनों स्थल वन क्षेत्र में स्थित हैं इसलिए वन एवं पर्यटन विभाग आपसी समन्वय से इनके विकास की व्यवहारिक एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करेंगे। इसके अतिरिक्त डॉ. रावत ने क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों राहु मंदिर बिनसर महादेव कमलेश्वर मंदिर तथा देवलगढ़ को एक सुव्यवस्थित पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र की धार्मिक प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। बैठक में मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल डॉ. धीरज पाण्डेय सहित पर्यटन विभाग एवं गढ़वाल मंडल विकास निगम के अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी पौड़ी अशोक जोशी और डीएफओ पौड़ी महातिम यादव ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *