कुंभ 2027 निर्माण कार्यों की समीक्षा, समयसीमा पर निर्माण कार्य पूर्ण करने पर दिया जोर

हरिद्वार। आगामी ’’कुंभ मेला 2027’’ की तैयारियों को लेकर मेला अधिकारी सोनिका ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मेला नियंत्रण भवन में आयोजित बैठक में सड़कों, पुलों, घाटों, जलापूर्ति, विद्युतीकरण, आंतरिक मार्गों और चौराहों के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मेला अधिकारी ने कहा कि कुंभ करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा आयोजन है, इसलिए सभी विभाग युद्धस्तर पर कार्य करें ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कम प्रगति वाले विभागों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिन योजनाओं को वर्षाकाल या अन्य कारणों से समय पर पूरा करना संभव नहीं है, संबंधित विभाग उन्हें वापस लें, ताकि महत्वपूर्ण कार्यों पर संसाधन केंद्रित किए जा सकें। संतोषजनक प्रगति वाले विभागों को दूसरी किश्त समय पर जारी करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में बस स्टेशनों और रेलवे स्टेशनों के सुदृढ़ीकरण, सौंदर्यीकरण और एकरूप डिजाइन पर भी विशेष जोर दिया गया। इस दौरान अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।