डेयरी व्यवसाय से आत्मनिर्भर बने राहुल, 24 गायों से हर माह कमा रहे हजारों

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोल रही है। जनपद पौड़ी गढ़वाल के केवर्स गांव निवासी राहुल गुसाईं ने इस योजना का लाभ उठाकर डेयरी व्यवसाय में सफलता हासिल की है।
राहुल ने योजना के तहत 7 लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर 5 गायों से डेयरी व्यवसाय शुरू किया। बाद में किसान क्रेडिट कार्ड और मुख्यमंत्री राज्य पशु मिशन योजना की मदद से व्यवसाय का विस्तार करते हुए आज उनके पास जर्सी, साहीवाल, गिर, बद्री और एचएफ नस्ल की कुल 24 गायें हैं। वर्तमान में राहुल प्रतिदिन 150 से 170 लीटर दूध उत्पादन कर रहे हैं। दूध की आपूर्ति एनआरएलएम के प्रयास स्वयं सहायता समूह, आंचल डेयरी और स्थानीय उपभोक्ताओं को की जाती है। इससे उन्हें प्रति माह 80 से 90 हजार रुपये की आय हो रही है, जिसमें 45 से 50 हजार रुपये तक शुद्ध लाभ शामिल है।
राहुल ने बताया कि योजना से मिली आर्थिक सहायता और पशुपालन विभाग के तकनीकी सहयोग ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद की। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि राहुल जैसे युवा वैज्ञानिक तरीके से डेयरी व्यवसाय को लाभकारी बना रहे हैं और अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।