जन समस्याएं सुन दिया परिवहन मुद्दों पर समाधान का आश्वासन

टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में पुलिस-जन संवाद मजबूत करने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से कोतवाली नरेंद्रनगर में थाना दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर, प्रभारी निरीक्षक, वरिष्ठ उप निरीक्षक, चौकी प्रभारी प्लाडा, महिला हेल्प डेस्क प्रभारी सहित पुलिस कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
थाना दिवस में पुलिस से संबंधित कोई शिकायत सामने नहीं आई, जिससे पुलिस और जनता के बीच बेहतर विश्वास का संकेत मिला। नरेंद्रनगर, जाजल और गजा क्षेत्र के लोगों ने चारधाम यात्रा सीजन में सार्वजनिक परिवहन समस्या उठाई। स्थानीय लोगों ने बताया कि बस और टैक्सी चालक कम दूरी के यात्रियों को बैठाने से मना करते हैं। इस पर क्षेत्राधिकारी ने बस और टैक्सी यूनियनों के साथ बैठक कर समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट और नशा उन्मूलन को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।