प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत 13 गांवों में होंगे 179 विकास कार्य
रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत जिले के 13 चयनित गांवों में 179 विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इन कार्यों पर कुल 628.98 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। सोमवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के एनआईसी सभागार में आयोजित बैठक में ग्राम विकास योजनाओं की समीक्षा की गई।
जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा ने बताया कि विभिन्न विभागों के माध्यम से प्रस्तावित कार्यों को अभिसरण के तहत पूरा किया जाएगा। जिलाधिकारी ने जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों को चयनित गांवों में पेयजल योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर वर्तमान स्थिति और आवश्यकताओं की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। वहीं शिक्षा विभाग को विद्यालय भवन, किचन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का आकलन कर प्रस्ताव तैयार करने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से प्रस्तावों की औपचारिकताएं समयबद्ध पूरी करने के निर्देश दिए। योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति बहुल गांवों में पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आवास और आजीविका जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास करना है। बैठक में सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।